पसका/गोंडा। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित पीसीएस-2024 का परिणाम रविवार देर शाम जारी होते ही जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। इस परीक्षा में गोंडा के आठ मेधावियों ने विभिन्न पदों पर चयनित होकर जिले का मान बढ़ाया है। सफलता की इस सूची में कई ऐसे नाम शामिल हैं, जिन्होंने कठिन संघर्ष और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद हार नहीं मानी और अपने मजबूत इरादों के दम पर मुकाम हासिल किया।
शहर के मेवातियान मोहल्ला निवासी कुमार रितेश ने पहले ही प्रयास में कॉमर्शियल टैक्स ऑफिसर पद हासिल किया। वर्ष 2020 में तैयारी शुरू करने वाले रितेश के जीवन में कोरोना काल बड़ा संकट बनकर आया। वर्ष 2021 में कोरोनाकाल में उनकी मां का निधन हो गया, जिससे परिवार की जिम्मेदारियां उनके कंधों पर आ गईं। इसके बावजूद उन्होंने घर में रहकर सेल्फ स्टडी के जरिए सफलता हासिल की।
सोनौली मोहम्मदपुर गांव की वर्षा सिंह ने भी कठिन परिस्थितियों में कॉमर्शियल टैक्स ऑफिसर बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया। बचपन में ही पिता के निधन के बाद उनकी परवरिश और शिक्षा की जिम्मेदारी मामा डॉ. जयप्रकाश सिंह ने निभाई। सीमित संसाधनों के बीच वर्षा ने निरंतर मेहनत जारी रखी और सफलता पाई।
नवाबगंज के तुलसीपुर माझा गांव निवासी नवनीत तिवारी बीडीओ पद पर चयनित हुए हैं। सामान्य परिवार के नवनीत ने ननिहाल में रहकर पढ़ाई पूरी की और प्रयागराज में तैयारी करके सफलता हासिल की। उनकी सफलता से गांव में उत्सव जैसा माहौल है।
झारखंडी बेलमत्थर के प्रशांत सिंह का चयन जिला कोषाधिकारी पद पर हुआ है। किसान पिता और शिक्षामित्र मां के मार्गदर्शन में उन्होंने पढ़ाई की और मेहनत के दम पर यह मुकाम पाया।
पसका निवासी यशव्रत सिंह ने महज 22 साल की उम्र में नायब तहसीलदार बनकर सबको चौंका दिया। हाईस्कूल के दौरान ही माता-पिता की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद उन्होंने रिश्तेदारों के सहारे पढ़ाई जारी रखी और पहले प्रयास में सफलता हासिल की। यशव्रत की सफलता पर बहन प्रतिभा सिंह ने खुशी जताई है।
बेलवा भान कौड़िया के अश्वनी कुमार सोनी ने भी पहले प्रयास में सफलता प्राप्त कर वर्क ऑफिसर पद प्राप्त किया। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक के दौरान ही उन्होंने तैयारी शुरू की थी।
परसपुर के आटा निवासी अभिषेक सिंह का चयन सहायक आयुक्त वाणिज्य कर पद पर हुआ है। शिक्षक परिवार के अभिषेक ने अनुशासन और निरंतर अध्ययन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की।
मनोहरजोत के पठानजोत निवासी आरती मिश्रा ने डिप्टी जेलर पद पर सफलता हासिल की। आरती वर्तमान समय में ट्रेनी सिपाही हैं।
इन मेधावियों की सफलता से जिले में गर्व का माहौल है। अभ्यर्थियों की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि इरादे मजबूत हों तो कठिन हालात में भी सफलता हासिल हो सकती है।
सिपाही से डिप्टी जेलर बनीं आरती
रुपइडीह। पठानजोत निवासी ट्रेनी आरक्षी आरती मिश्रा ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण की है। डिप्टी जेलर पद पर चयनित होकर आरती ने क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से गांव, विद्यालय और परिजनों में खुशी की लहर है। आरती के पिता राम आशीष मिश्र ने बताया कि बेटी ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई आर्यनगर स्थित पार्वती देवी इंटर कॉलेज और स्नातक की शिक्षा एलबीएस महाविद्यालय से हासिल की। वर्तमान में वह पुलिस विभाग में आरक्षी पद पर चयनित होकर आजमगढ़ में प्रशिक्षण ले रही हैं। कड़ी मेहनत व मजबूत संकल्प के दम पर आरती ने यह मुकाम हासिल कर युवाओं के लिए मिसाल पेश की है।
यूपीपीएससी में चयनित गोंडा के कुमार रितेश, अभिषेक सिंह, प्रशांत सिंह, वर्षा सिंह, नवनीत तिवारी
यूपीपीएससी में चयनित गोंडा के कुमार रितेश, अभिषेक सिंह, प्रशांत सिंह, वर्षा सिंह, नवनीत तिवारी
यूपीपीएससी में चयनित गोंडा के कुमार रितेश, अभिषेक सिंह, प्रशांत सिंह, वर्षा सिंह, नवनीत तिवारी
यूपीपीएससी में चयनित गोंडा के कुमार रितेश, अभिषेक सिंह, प्रशांत सिंह, वर्षा सिंह, नवनीत तिवारी
यूपीपीएससी में चयनित गोंडा के कुमार रितेश, अभिषेक सिंह, प्रशांत सिंह, वर्षा सिंह, नवनीत तिवारी
यूपीपीएससी में चयनित गोंडा के कुमार रितेश, अभिषेक सिंह, प्रशांत सिंह, वर्षा सिंह, नवनीत तिवारी