तरबगंज के रेतादलसिंह गांव में रोते-बिलखते सत्यम के परिजन। -संवाद
तरबगंज (गोंडा)। क्षेत्र के रेतादल सिंह टेपरा गांव निवासी सत्यम (14) बुधवार रात चचेरे भाई के साथ निमंत्रण से लौट रहा था। तभी शराब के ठेके पर दो नशेड़ियों को लड़खड़ाते देख सत्यम को हंसी आ गई। आरोप है कि हंसने से गुस्साए दोनों नशेड़ियों ने पीछा करके सत्यम पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में सत्यम की मौत हो गई। मृतक के पिता ने टेंट हाउस संचालक समेत दो के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस छानबीन कर रही है।
गांव निवासी अनिल ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई सत्यम के साथ बुधवार रात रघुनाथपुर कुर्मीपुरवा में दीनानाथ के यहां निमंत्रण में गए थे। रात 10.30 बजे दोनों लोग वहां से पैदल लौट रहे थे। सीबीएन (करनैलगंज-बेलसर-नवाबगंज) मार्ग पर थाने से 200 मीटर दूर स्थित शराब ठेके के पास पहुंचे तो वहां टेंट हाउस संचालक समेत दो युवक शराब के नशे में लड़खड़ा रहे थे। उन्हें देख सत्यम को हंसी आ गई। गुस्साए टेंट हाउस संचालक समेत दोनों नशेड़ियों ने बाइक से पीछा किया और सत्यम के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इससे वह गिर पड़ा। सत्यम को सीएचसी पहुंचाया गया। जहां हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता रामधनी ने बताया कि बेटा सत्यम थाना मोड़ के पास टेंट हाउस में मजदूरी करता था। वह पांच दिन से काम पर नहीं गया था। इससे नाराज टेंट हाउस संचालक ने मंगलवार को उसे मारने की धमकी दी थी। आरोप है कि देर रात टेंट हाउस संचालक ने सोची समझी साजिश के तहत सत्यम की हत्या की है। प्रभारी निरीक्षक विवेक त्रिवेदी ने बताया कि तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
एसपी विनीत जायसवाल का कहना है कि प्रकरण जानकारी में है। पहले सड़क हादसे की सूचना मिली थी, बाद में परिजनों की ओर से तहरीर मिली है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
मजदूरी कर बना था परिवार का सहारा
सत्यम के परिवार की माली हालत ठीक नहीं है। पिता रामधनी काफी दिनों से बीमार हैं। सत्यम तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। वह टेंट हाउस में काम करके परिवार का खर्च चलाता था। बड़ा भाई शिवम (17) भी मजदूरी करता है। छोटा भाई आर्यन पांच साल का है। सत्यम की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। मां राधा का रो-रोकर बुरा हाल है।