करनैलगंज-बेलसर-नवाबगंज (सीबीएन) रोड के चौड़ीकरण में मनमानी खोदाई कराई जा रही है। इसकी चपेट में बीएसएनएल समेत अन्य दूरसंचार कंपनियों के नेटवर्क केबल आकर कट रहे हैं। काम के दौरान केबल शिफ्ट करने की जगह उन्हें काट दिया जा रहा है। इससे डाकघर दुर्जनपुर में पांच दिनों से नेटवर्क नहीं है। इससे वहां के सभी कार्य बंद पड़े हैं। डाकघर के जमाकर्ता खातेदार और पेंशनरों को पैसे की निकासी के लिए चक्कर लगाना पड़ रहा है।
बृहस्पतिवार को डाकघर आए रामपाल पांडेय ने बताया कि तीन दिनों से सात किलोमीटर दूर रांगी गांव से चलकर यहां आ रहे हैं, लेकिन भुगतान नहीं हो पा रहा है। गौहानी के अशोक कुमार मिश्रा, दुर्जनपुर के उमाशंकर गुप्ता व पेंशनर्स प्रेमनाथ मिश्रा भी डाकघर के चक्कर लगा रहे हैं। दुर्जनपुर डाकघर अंतर्गत विलेज पोस्ट ऑफिस भोपतपुर, गेड़सर, गौहानी, अकबरपुर, धौरहरा घाट, रांगी, गोपसराय का भी काम प्रभावित हो रहा है।
दुर्जनपुर घाट के पोस्टमास्टर सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि पांच दिनों से नेटवर्क की समस्या है। डाकघर में आरडी डिपॉजिट, सेविंग अकाउंट, सुकन्या डिपॉजिट, आईपीपीवी मिलाकर लगभग 25 हजार खाते हैं। इसके अतिरिक्त अन्य काम भी प्रभावित हो रहे हैं।
-एसडीएम तरबगंज राजीव मोहन सक्सेना ने बताया कि मामला जानकारी में आया है। संबंधित को नोटिस जारी करके जवाब मांगा जाएगा। लोगों को परेशानी न हो इसके लिए नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
अपने-अपने तर्क
बीएसएनएल के तरबगंज एसडीओ कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि पीडब्ल्यूडी या कार्यदायी संस्था की ओर से केबल कटने की कोई जानकारी नहीं मिली है। टीम भेजकर लाइन सही कराई जा रही है।
लोक निर्माण विभाग खंड दो के सहायक अभियंता शिवनारायण सिंह ने बताया कि दूरसंचार विभाग को मौखिक रूप से जानकारी दी गई थी। दूरसंचार विभाग की ओर से केबल के संबंध में कुछ नहीं कराया गया।
सड़क निर्माण कर रहे आलोक कंस्ट्रक्शन के ठेकेदार विवेक पांडेय ने बताया कि खोदाई में केबल लाइन को बचाने की पूरी कोशिश की जा रही है। सड़क चौड़ीकरण के दोनों तरफ खोदाई में पेड़ और बिजली पोल काफी दिक्कत दे रहे हैं। विभागीय अधिकारियों की उदासीनता से समस्या बढ़ रही है।
जमा-निकासी व रजिस्ट्री करना हो रहा दूभर
दुर्जनपुर घाट के प्रधान प्रतिनिधि अखंड प्रताप सिंह ने बताया की डाकघर में नेटवर्क की दिक्कत हो गई है। जमा-निकासी करने जाओ तो नेटवर्क की खराबी बताई जाती है। अधिकारियों को ध्यान देना चाहिए।
अनमोल पांडेय ने बताया कि डाकघर में नेटवर्क खराबी से आरडी खाते में समय से रुपये नहीं जमा हो पा रहे हैं। ऐसे में पेनाल्टी देनी पड़ेगी। हम सभी पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
अभिषेक सोनी ने बताया कि डाकघर में नेटवर्क की समस्या है। इस कारण लगभग 12 किलोमीटर नवाबगंज व 11 किलोमीटर तरबगंज डाकघर में जाना पड़ रहा है। इसमें समय और धन की बर्बादी हो रही है।
विजय बहादुर विश्वकर्मा ने बताया कि डाकघर में नेटवर्क नहीं है। इस कारण रजिस्ट्री और जमा-निकासी के लिए कई दिनों से दौड़ना पड़ रहा है। समस्या का समाधान कराने की जरूरत है।