गोंडा के रेलवे यार्ड में ट्रैक का सत्यापन कराते डीआरएम गौरव अग्रवाल। स्रोत: रेलवे
गोंडा। पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम गौरव अग्रवाल ने शनिवार को लखनऊ जंक्शन-गोंडा रेलखंड पर संरक्षित रेल परिचालन का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। रेलवे यार्ड में पिछले दिनों वीसीएन मालगाड़ी का इंजन ट्रैक से उतरने की जांच रिपोर्ट की सच्चाई जानने के लिए डीआरएम ने अपने सामने यार्ड में ट्रैक पॉइंट का सत्यापन कराया। इस दौरान ट्रैक दुरुस्त मिला। डीआरएम ने कहा कि ट्रैक सही है तो इंजन के ट्रैक से उतरने का क्या कारण हो सकता है? इंजीनियरिंग शाखा के अधिकारी इस पर मंथन करें। ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
डीआरएम ने रेलवे ट्रैक, सिग्नल, ओएचई, लेवल क्रॉसिंग गेट्स का निरीक्षण कर अधिकारियों को संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। इसके बाद डीआरएम ने गोंडा-बलरामपुर मार्ग के ओवरब्रिज के नीचे ट्रैक पॉइंट्स व क्रॉसिंग का निरीक्षण किया। उन्होंने रूट रिले इंटरलॉकिंग (आरआरआई) पैनल, एकीकृत कंट्रोल लॉबी, पार्सल कार्यालय, खानपान स्टॉल, यात्री प्रतीक्षालय और सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एडीआरएम (इन्फ्रा) भुवनेश सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। (संवाद)