गोंडा। शहर में एक डॉक्टर से अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और उपकरण उपलब्ध कराने के नाम पर 11.64 लाख रुपये की ठगी का मामला आया है। जालसाजों ने खुद को एक बड़ी हेल्थकेयर कंपनी का प्रतिनिधि बनाकर झांसे में लिया था। साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
सरकुलर रोड स्थित एक निजी अस्पताल के संचालक डॉ. एनएन तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जनवरी 2026 में ध्रुव अग्रवाल ने मोबाइल पर संपर्क कर स्वयं को एक बड़ी हेल्थकेयर कंपनी का प्रतिनिधि बताया।
उसने दावा किया कि उसकी कंपनी अस्पतालों को आधुनिक चिकित्सा तकनीक, विशेषज्ञ चिकित्सक तथा कार्डियोलॉजी सेवाएं उपलब्ध कराती है। इसके लिए ई मेल के माध्यम से एमओयू, प्रस्ताव, सर्वे रिपोर्ट, इंटरव्यू प्रक्रिया और मेडिकल उपकरणों की सूची भेजी गई।
आरोप है कि कंपनी की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में मेडिकल उपकरणों की लागत का 50 प्रतिशत कंपनी और शेष 50 प्रतिशत अस्पताल की ओर से वहन किए जाने की बात कही गई। विभिन्न बैंक खातों में आरटीजीएस के माध्यम से भुगतान कराया गया। डॉ. तिवारी के अनुसार ठग हमेशा मोबाइल पर ही बात करता था।