गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को नवचयनित प्रवक्ताओं एवं सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरित किये। एनआईसी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के प्रसारण के बाद जनपद में चयनित 13 शिक्षकों को विधायक सदर प्रतीक भूषण सिंह, विधायक मेहनौन विनय द्विवेदी, विधायक गौरा प्रभात वर्मा एवं जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही ने नियुक्ति पत्र बांटे।
लखनऊ से प्रसारित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी शिक्षक आज यहां उपस्थित हैं, निश्चित रूप से वह उनके मेहनत और परिश्रम का परिणाम है। मेहनत और परिश्रम का कोई विकल्प नहीं होता, पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रक्रियाएं योग्य व्यक्तियों के चयन का आधार तैयार करती हैं। नवनियुक्त शिक्षक इसके सबसे बड़े उदाहरण हैं।
जिलाधिकारी सहित विधायकों और समाज कल्याण मंत्री के प्रतिनिधि वेद प्रकाश दूबे ने नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देकर बधाई दी। मौके पर जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी गिरीश प्रजापति, रवि गौड़, रवि यादव व नवनियुक्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।