करनैलगंज (गोंडा)। संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव तालाब में उतराता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जाता है कि उत्तम कुमार शुक्ल (17) पुत्र परशुराम शुक्ल निवासी बाबूपुर शुक्लन पुरवा थाना कटरा बाजार की करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शीशामऊ के तालाब में संदिग्ध परिस्थितियों में डूबकर मौत हो गई थी। उसका शव ग्राम शीशामऊ के शुक्ल पुरवा के तालाब में बरामद हुआ है।
बताया जाता है कि मंगलवार की रात्रि करीब 12 बजे बचा लो, बचा लो की आवाज ग्रामीणों को सुनाई पड़ी। गांव के तमाम लोग आवाज सुनकर तालाब के किनारे पहुंचे तो तालाब के किनारे चप्पल पड़ा था। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस करीब 4 बजे तक वहां मौजूद थी। मगर कोई पता नहीं चल सका।
गुरुवार को युवक का शव तालाब में तैरता दिखाई दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस शव को कोतवाली ले गई। कोतवाली करनैलगंज के एसएसआई विनय यादव का कहना है कि ग्रामीणों की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक युवक के पिता ने बताया कि युवक अभी हाल ही में दिल्ली से वापस आया था। बाजार जाने की बात कहकर वह घर से निकला था। एसएसआई ने बताया कि युवक यहां कैसे पहुंचा और रात के समय तालाब में डूबने की घटना कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि संभवत: युवक रास्ता भटक कर रात के अंधेरे में चल रहा था और तालाब में डूबने से मौत हुई।