रूपईडीह (गोंडा)। यूरिया खाद के लिए किसान विगत तीन दिन से साधन सहकारी समिति बनगाई का चक्कर लगा रहे हैं। किसानों ने प्रशासन के खिलाफ खाद न मिलने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन करते हुए खाद दिलाए जाने की मांग प्रशासन से की है।
साधन सहकारी समिति बनगाई में मौजूद राम गोपाल, यमुना प्रसाद, माधव प्रसाद, अलगूराम, अधार, गंगा राम, सतगुर प्रसाद, राम औतार, हरिद्वार सहित चार दर्जन से अधिक किसानों ने बताया कि इस समय धान की फसल में यूरिया की बहुत आवश्यकता है। लेकिन उन्हें यूरिया नहीं मिल पा रही है जिससे धान की फसल खराब होती चली जा रही है। इस गोदाम में खाद कब आती है और कब बंट जाती है इसका पता नहीं चल पाता है।
कई किसानों ने बताया कि वह विगत तीन दिन से समिति पर लगातार चक्कर काट रहे हैं। लेकिन संबंधित सचिव गायब हैं। खाद देने के लिए कुछ किसानों का आधारकार्ड कई दिन से सचिव अपने पास रखे हैं। किसानों ने बताया कि खाद न मिलने की शिकायत जिला प्रशासन से कई बार किया गया लेकिन किसी जिम्मेदार ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
इस संबंध में समिति के प्रभारी सचिव मदन मोहन तिवारी ने बताया कि खाद कम है। किसान ज्यादा संख्या में आ जाते हैं और कुछ किसान ऐसे हैं जो ज्यादा खाद मांगते हैं और न देने पर झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं। फिर भी जो खाद उपलब्ध है बांट दी जाएगी।
गन्ना मूल्य भुगतान के लिए डीएम को लिखा पत्र
मंगुरा बाजार (गोंडा)। इलाके में गन्ना किसानों का भुगतान चीनी मिलों द्वारा न किये जाने की शिकायत जिला पंचायत सदस्य मुकेश सिंह ने डीएम से की है। दिए गए शिकायती पत्र में उन्होंने ने बताया कि गन्ना मूल्य का भुगतान मिलो द्वारा न किये जाने के कारण किसानों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। किसान अपनी आवश्यक जरूरतों के लिए साहूकारों व अन्य माध्यमों के कर्जदार बनते चले जा रहे हैं। गन्ना मूल्य भुगतान शीघ्र कराने की मांग की है।