गोंडा। नए साल में पहली बार किसानों के खाते में पीएम किसान योजना के तहत सम्मान निधि भेजी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 फरवरी को बिहार के भागलपुर से 19वीं किस्त जारी करेंगे। फार्मर रजिस्ट्री कराने में लापरवाही बरतने वाले जिले के दो लाख 20 हजार किसान योजना के लाभ से वंचित हो सकते हैं।
उप कृषि निदेशक प्रेमकुमार ठाकुर ने बताया कि जिले के चार लाख 80 हजार किसान पीएम सम्मान निधि के लाभार्थी हैं। जिनमें से अभी तक दो लाख 60 हजार किसानों ने ही फार्मर रजिस्ट्री कराई है। इस बार सिर्फ उन्हीं किसानों को पीएम किसान योजना का लाभ मिलेगा जिन्होंने फार्मर रजिस्ट्री पूरी कर ली है।
कहा कि किसान जनसेवा केंद्र के माध्यम से फार्मर रजिस्ट्री करवा सकते हैं। खुद से फार्मर रजिस्ट्री करने के लिए upfr.agristack.gov.in पर क्लिक करें। विवरण दर्ज करने के बाद मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा। ओटीपी दर्ज करने के बाद फार्मर रजिस्ट्री नंबर मिल जाएगा। इसमें आधार कार्ड, उससे लिंक मोबाइल नंबर एवं जमीन की खतौनी की जरूरत होगी।