इटियाथोक शिक्षाक्षेत्र इटियाथोक के प्राथमिक विद्यालय कर्मडीह द्वितीय में गुरुवार की सुबह बाइक से फर्जी अफसर बनकर पहुंचे दो युवकों ने एमडीएम में गड़बड़ी के नाम पर प्रधानाध्यापक को धमकी देकर वसूली का प्रयास किया। मगर शिक्षकों ने एक युवक को दबोच लिया, जबकि उसका साथी भाग गया। शिक्षकों ने फर्जी अफसर की धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। इस मामले में प्रधानाध्यापक ने थाना इटियाथोक में फर्जी अफसर बनकर धमकी देने की रिपोर्ट कराई है।
शिक्षा क्षेत्र इटियाथोक के प्राथमिक विद्यालय कर्मडीह द्वितीय के प्रधानाध्यापक रामधनेश्वर ने बताया कि गुरुवार की सुबह वह विद्यालय में बच्चों को पढ़ा रहे थे, तभी दो युवक बाइक से आए और खुद को अफसर बताते हुए एमडीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए धमकाने लगे और वसूली का प्रयास किया।
प्रधानाध्यापक के मुताबिक उन्होंने प्राथमिक शिक्षक संघ इटियाथोक के संगठन मंत्री मनोज कुमार मिश्र व खंड शिक्षाधिकारी इटियाथोक आनंद प्रकाश सिंह को फोन पर सूचना दी।
इसी बीच संगठन मंत्री कई शिक्षकों के साथ वहां आ पहुंचे और दोनोें से पूछताछ शुरू हुई तो वह फर्जी निकले। प्रधानाध्यापक ने बताया कि एक युवक को पकड़ लिया गया। जबकि उसका साथी चकमा देकर भाग निकला।
पकड़े गए युवक ने अपना नाम पिंटू साहू निवासी बाजार बगिया थाना धानेपुर बताया। उसने बताया कि भागा हुआ उसका साथी अनिल सोनकर कलेना थाना इटियाथोक का रहने वाला है। शिक्षकों ने पिंटू की धुनाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रधानाध्यापक रामधनेश्वर ने थाना इटियाथोक में पिंटू साहू व अनिल सोनकर के खिलाफ फर्जी अफसर बनकर धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष इटियाथोक इंतखाब खां ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।