प्रमुख चुनाव में कुछ दिन ही शेष है। इसे लेकर क्षेत्र में बीडीसी सदस्यों के अपहरण की बाढ़ सी आ गई है। बुधवार को बिलासपुर में क्षेत्र पंचायत सदस्यों के अपहरण को लेकर ब्लाक प्रमुख और अन्य दो लोगों ने कोतवाली में आत्मदाह की कोशिश की थी। गुरुवार को क्षेत्र में महिला बीडीसी अपहरण कर लिया गया।
पीड़ित पति ने ब्लाक प्रमुख समेत पांच लोगों पर अपहरण का आरोप लगाया है। घटना के ढाई घंटे बाद ही पुलिस ने महिला को बरामद पति को सौंप दिया। कोतवाली क्षेत्र के ज्योहरा का मजरा काशीपुरा निवासी ओमपाल की पत्नी रेखा क्षेत्र पंचायत सदस्य है। गुरुवार को ओमपाल पत्नी के साथ दवा लेने के लिए मिलक आ रहा था।
आरोप है कि जब वह बिलासपुर रोड पर रोरा कला गांव के मोड़ के पास पहुंचा तभी कार सवार ब्लाक प्रमुख समेत पांच लोग उसका अपहरण करके ले गए। इसके बाद ओमपाल कोतवाली पहुंच गया और मामले की तहरीर दी। इस पर हरकत में आई पुलिस ने पटवाई रोड स्थित एक मकान पर दबिश देकर बीडीसी रेखा को बरामद कर लिया।
इसके बाद उसे कोतवाली लाकर उसके पति के हवाले कर दिया। बाद में ओमपाल ने अपनी तहरीर वापस ले ली है। साथ ही किसी भी कार्रवाई से इंकार कर दिया। उधर, कोतवाल राघव राम मिश्रा का कहना है ओमपाल की तहरीर पर पुलिस ने महिला की तलाश शुरू कर दी थी।
ढाई घंटे बाद में पटवाई रोड के एक मकान में वह बैठी हुई मिल गई। उधर, परतापुर गांव निवासी बीडीसी सदस्य राजेश यादव को पुलिस गुरुवार को ले आई। बाद में उसे छोड़ दिया गया। पुलिस का कहना था कि बीडीसी पर कुछ लोगों पर दबाव बनाने का आरोप था।