शराब की दुकान हटाने का लेकर महिलाओं ने कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को प्रदर्शन किया। इसके बाद सीएम को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा गया। शराब की दुकान न हटाने पर महिलाओं ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
नगर के मोहल्ला पूरबटोला भंडारखाना निवासिनी दुलारी, ऊषा, फूलजहां, मंजुला मिश्रा, अनारी बेगम, हुमा परवीन, बीना, सरिता, अनीता सिंह व दिवांगी मिश्रा आदि ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर शराब की दुकान चलाने के विरोध में प्रदर्शन किया।
कहा कि शराब की दुकान से ठीक 200 मीटर की दूरी पर राष्ट्रीय राजमार्ग भारत-नेपाल बौद्ध परिपथ स्थित है। देशी शराब भठ्ठी के बगल में ही एमएलके महाविद्यालय है। जहां पर हजारों छात्र पढ़ते हैं। 150 मीटर की दूरी पर संजय गांधी स्कूल, मस्जिद व सरकारी स्कूल कटार सिंह स्थित है।
घनी आबादी, हाईवे व शैक्षिक संस्थानों के बीच खोली गई देशी शराब की भठ्ठी से लोगों में भारी आक्रोश है। शराब भठ्ठी के संचालन से विद्यार्थियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्ले की मां-बेटियों व बहुओं का घरों से निकलना दुश्वार हो गया है।
कई बार शिकायत के बाद भी प्रशासन ने अब तक देशी शराब की दुकान हटाने के संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की है जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। प्रदर्शन के बाद महिलाओं ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। डीएम राम विशाल मिश्र ने बताया कि मामले में जल्द कार्रवाई की जाएगी।