एसडीएम न्यायालय परिसर में पुलिस सुरक्षा के बीच एक व्यक्ति ने पत्नी पर जानलेवा हमला कर ब्लेड से उसकी नाक काटने की कोशिश की। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने आरोपी और उसके भाई को दबोच लिया, लेकिन खुटार पुलिस मामले को दबाने में जुटी है।
खीरी के एक गांव की एक महिला की शादी 12 वर्ष पूर्व खुटार के एक मोहल्ला निवासी युवक से हुई थी। युवक सूरत में काम करता था। लगभग तीन माह पूर्व युवक घर आया और वापस सूरत जाने से इंकार कर दिया। पत्नी उसे जब कि सूरत भेजना चाहती थी। इसको लेकर विवाद के बाद महिला अपने मायके चली गई थी और वहां से सिंधौली निवासी प्रेमी के साथ चली गई। युवक की ओर से इस मामले में खुटार थाने मेें रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
एसडीएम कोर्ट से जारी वारंट के आधार पर खुटार थाने के दरोगा विनोद यादव महिला को शुक्रवार को सिंधौली से लेकर एसडीएम कोर्ट आए थे। जानकारी पाकर महिला का पति अपने भाई के साथ कोर्ट परिसर पहुंचा औैर दरोगा के साथ मौजूद पत्नी पर ब्लेड से हमला कर दिया। महिला के चेहरे पर ब्लेड और नाखून से चोटें लगी हैं। पुलिस सुरक्षा के बीच महिला पर हमले से पुलिस में हड़कंप मच गया। जानकारी पाकर खुटार एसओ इफ्तेखार अहमद और पुवायां पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी का भाई पुवायां कोतवाली में है, जबकि आरोपी को खुटार पुलिस अपने साथ ले गई है। पुलिस पूरे मामले को दबाने में जुटी है।
00
महिला को वारंट के आधार पर कोर्ट में पेश करने के लिए ले जाया गया था। महिला पर हमले जैसी कोई बात नहीं है। कोर्ट में महिला को पेश भी किया गया। कोई भी व्यक्ति हिरासत में भी नहीं लिया गया है।
इफ्तेखार अहमद एसओ खुटार