ससुराल वालों ने गुरुवार को महिला को प्रताड़ित कर उसे जहर देकर मार डाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में महिला के पिता ने थाना खरगूपुर में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना खरगूपुर क्षेत्र के सेवरहा गांव के मजरे दरियावपुरवा के रहने वाले सत्तार अली ने थाना खरगूपुर में गुरुवार को केस दर्ज कराया है। इसमें कहा कि उसने बेटी गुड़िया (30) की शादी दस साल पहले असिधा गांव के मजरे लहदोवा के रहने वाले बक्सुल्ला के बेटे अजीज से की थी।
शादी के बाद बेटी के दो बच्चे हुए। इनमें तबस्सुम (7) व बेटा नूरआलम (3) है। सत्तार के मुताबिक ससुराल वाले गुड़िया को प्रताड़ित करते थे। वह ससुराल वालों की प्रताड़ना को सहकर गुजर-बसर कर रही थी।
सत्तार अली ने बताया कि इसी बीच दो माह पूर्व अजीज ने पहली पत्नी के होते हुए फैजाबाद जनपद के गोसाईंगज थाना क्षेत्र के देवरा गांव की रहने वाली कुसमा से दूसरी शादी कर ली और उसे साथ घर ले आया।
सत्तार का आरोप है कि अजीज ने दूसरी शादी के बाद से ही गुड़िया को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और गुरुवार को गुड़िया को जहर देकर मार डाला। बेटी के ससुराल के गांव वालों से मिली सूचना के बाद जब वह पहुंचा तो उसका शव जमीन पर पड़ा था।
इस मामले में सत्तार अली ने थाना खरगूपुर में पति अजीज, ससुर बक्सुल्ला, सास रेहाना, ननद फूलजहां व दूसरी पत्नी कुसमा के खिलाफ प्रताड़ना व आत्महत्या के लिए मजबूर करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना खरगूपुर के प्रभारी निरीक्षक बृजेन्द्र पटेल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।