दहेज में मोटरसाइकिल और सोने की चेन नहीं मिली तो ससुरालियों ने महिला की हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जला दिया। साथ ही ससुरालीजनों ने कार्रवाई करने पर महिला के भाई को धमकी भी दी। इस मामले में रविवार को महिला के भाई ने मोतीगंज थाने में पति समेत तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, पुलिस का कहना है कि पीड़ित को बुलाया गया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
बलरामपुर जिले के रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के बढ़या फरीद खां गांव के रहने वाले मनीराम ने बताया कि उसने अपनी बहन शिवपता की शादी चार साल पहले मोतीगंज थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर गांव के मजरा शेरापुर निवासी एक युवक के साथ की थी।
शादी के एक साल बाद शिवपता के एक बेटा पैदा हुआ, जिसका नाम अमित है। मनीराम के मुताबिक ससुराल वाले दहेज में बाइक और सोने की चेन की मांग को लेकर शिवपता को प्रताड़ित करने लगे। प्रताड़ना के बारे में जब शिवपता ने मनीराम को बताया तो उसने ससुरालियों को समझाया।
इसी बीच वह रोजगार के सिलसिले में लुधियाना चला गया। मनीराम ने बताया कि दहेज में मोटरसाइकिल और सोने की चेन नहीं मिली तो ससुराल वालों ने 25 सितंबर को शिवपता की हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जला दिया।
मनीराम ने बताया कि जब उसे बहन की हत्या की सूचना मिली तो वह 28 सितंबर को गांव पहुंचा और शिवपता की ससुराल गया। वहां ससुराल वालों से मामले की जानकारी चाही तो उन्होंने उसे धमकी दी।
मनीराम ने मोतीगंज थाने में पति समेत तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, मोतीगंज थाने के इंस्पेक्टर दिवाकर सिंह ने बताया कि शिवपता के भाई ने उन्हें कोई तहरीर नहीं दी है। उसे तहरीर देने के लिए बुलाया गया है। तहरीर मिलते ही मामले की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।