स्थानीय थाना क्षेत्र के सुगानगर डुमरी गांव में दहेज लोभियों ने नवविवाहिता को जलाकर मार डाला। मृतका के पिता ने पति, सास व ससुर के खिलाफ थाने में नामजद तहरीर दी है। पुलिश शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन में जुट गई है।
पचपेड़वा थाने के ग्राम रामनगर निवासी चिनके ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उन्होंने अपनी 20 वर्षीय बेटी रीता मौर्या की शादी करीब 9 महीने पहले सुगानगर डुमरी निवासी दुर्गेश मौर्या के साथ की थी।
शादी के कुछ दिन बाद से ही रीता का पति व सास कमली तथा ससुर जग प्रसाद दहेज की मांग करने लगे। दहेज न मिलने पर यह लोग रीता को प्रताड़ित करते थे। सोमवार रात ससुरालीजनों ने दहेज के लिए रीता को जलाकर मार डाला।
ससुरालीजन घटना को अंजाम देने के बाद घर से फरार हो गए है। पड़ोस के लोगों ने घटना की जानकारी मृतका के मायके वालों को दी। मौके पर पहुंचे मृतका के पिता चिनके तथा मां शीला मौर्या ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
थानाध्यक्ष पचपेड़वा आरके यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। चिनके ने मृतका के पति, सास व ससुर के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।