मनकापुर-उतरौला मार्ग पर देवरिया गांव की पुलिया के पास रविवार की सुबह गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर बाइक सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सीएचसी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से भाग निकला। इस मामले में मनकापुर कोतवाली में ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के दतौली देवीप्रसाद गांव के मजरा चौहान पुरवा के रहने वाले अर्जुन चौहान की पत्नी माधुरी (30) अपने दो बेटों विकास (4), रामबाबू (1) को लेकर देवर कृष्णकुमार के साथ बाइक से रविवार की सुबह अपने मायके परसापुर थनवा जाने के लिए घर से निकली थी।
जब वह सभी मनकापुर-उतरौला मार्ग पर देवरिया गांव की पुलिया के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे माधुरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिये के नीचे आ गिरी और कुचलकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
उसने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में माधुरी के ससुर पांचू ने कोतवाली मनकापुर में अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।