शहर के पटेल नगर मोहल्ले में शनिवार की देर रात एक चिकित्सक के घर छत के रास्ते अंदर घुसे चोरों ने एक लाख पैंसठ हजार रुपये की नकदी व दो लाख रुपए के गहने पार कर दिए। चोरी का पता चिकित्सक को रविवार की सुबह तब लगा, जब वह सोकर उठे।
इस मामले में चिकित्सक ने कोतवाली नगर में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। चोरी की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है। शहर के पटेल नगर मोहल्ले के रहने वाले डा. एम रजी ने बताया कि इमामबाड़ा मोहल्ले में उनका एक मकान बन रहा है।
जहां रात में निर्माण कार्य समाप्त होने के बाद पटेल नगर स्थित अपने घर पहुंचे और सो गए। देर रात छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने कमरे में रखी एक लाख पैंसठ हजार रुपये नकदी, सोने की तीन चेन, तीन बाली, दो अंगूठी व कैमरा लेकर चंपत हो गए।
डा. रजी ने बताया कि चोरी की जानकारी उन्हें रविवार की सुबह तब हुई, जब वह सोकर उठे। इस मामले में डॉ. एम रजी ने कोतवाली नगर में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।