गोंडा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष (पावर सीज) रूपेश कुमार उर्फ निर्मल श्रीवास्तव समेत तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। यहां से तीनों आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने नपाप अध्यक्ष समेत चार लोगों के खिलाफ पुलिस पर हमला, पथराव करने, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने व सरकारी कर्मचारी पर हमला करने समेत कई संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हुए उपद्रव के बाद शनिवार को आगजनी के शिकार हुए व्यापारियों का हाल जानने पहुंचे माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह व नपाप अध्यक्ष रूपेश कुमार उर्फ निर्मल से हुई तीखी झड़प के बाद भीड़ ने राज्यमंत्री पर पथराव कर दिया।
इसी बीच हुए बवाल के दौरान पुलिस ने लाठियां भांजीं और नपाप अध्यक्ष की पिटाई कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नपाप अध्यक्ष के बड़े भाई राजेश कुमार उर्फ विमल व शिवकुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
नगर कोतवाल शिवपति सिंह ने नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार उर्फ निर्मल, राजेश कुमार उर्फ विमल, शिवकुमार व दिनेश कश्यप के खिलाफ पुलिस पर हमला करने, पथराव करने, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने व सरकारी कर्मचारी पर हमला करने समेत कई संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने नपाप अध्यक्ष समेत तीनों आरोपियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। जहां से तीनों लोगों को 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।