बलरामपुर देहात थाना क्षेत्र में दुल्हिनपुर के पास 23 अप्रैल को हत्या कर फेंके गए युवक की शिनाख्त के साथ ही पुलिस ने सोमवार को वारदात का खुलासा कर दिया है। युवक का अपने दोस्त की पत्नी से अवैध संबंध था। इसी के चलते दोस्त, उसके पिता व भाई ने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एसपी राजीव मल्होत्रा ने सोमवार को बताया कि 23 अप्रैल को दुल्हिनपुर के पास मिले शव की शिनाख्त अरुण ठाकुर उर्फ पंडा निवासी नेपाल के रूप में हुई। अरुण बलरामपुर देहात थाना क्षेत्र के ग्राम कलवारी में अंतिम बार देखा गया था।
सर्विलांस टीम के प्रभारी नरेंद्र यादव तथा देहात एसओ जितेंद्र यादव की टीम ने छानबीन की तो पता चला कि अरुण ठाकुर लुधियाना (पंजाब) में नौकरी करता था। वहीं पर ग्राम कलवारी निवासी राजेश यादव उर्फ राजू अपनी पत्नी सोनिया के साथ नौकरी करता था। राजू की पत्नी सोनिया भी नेपाल की रहने वाली है। आसपास रहने के चलते अरुण तथा राजू के बीच दोस्ती हो गई।
अरुण अक्सर राजू के घर जाता था। इसी बीच अरुण के राजू की पत्नी सोनिया से अवैध संबंध हो गए। फरवरी में राजू अपनी पत्नी सोनिया को लेकर गांव चला आया। सोनिया के जिद करने पर अरुण भी कलवारी आकर राजू के घर में ही रहने लगा। अरुण तथा सोनिया की नजदीकी राजू के परिवार को खटकने लगी।
इसी बात से नाराज राजू, उसके पिता बालकराम व भाई राजकुमार यादव ने अरुण की घर में ही गला दबाकर हत्या कर दी और शव बाइक पर लादकर दुल्हिनपुर के पास फेंक दिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर राजू, बालकराम तथा राजकुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसपी ने खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पांच हजार रुपये नगद पुरस्कार दिया है।