बलरामपुर नगर के मेन चौक उत्तर लाइन में लगे एक प्राइवेट कंपनी के एटीएम में गुरुवार रात बाइक सवार चोर ने चोरी का प्रयास किया। रुपये न निकल पाने पर चोर ने मशीन में जमकर तोड़फोड़ की। मकान मालिक के शोर मचाने पर चोर बाइक लेकर भाग गया। कंपनी के सुपर वायजर की तहरीर पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
शुक्रवार को नगर निवासी मनोज कुमार आर्य ने बताया कि उनके मकान के ग्राउंड फ्लोर पर मनी स्पॉट कंपनी का एटीएम लगा हुआ है। गुरुवार रात करीब 12.30 बजे नीचे एटीएम में खटपट की आवाज सुन कर मनोज तथा उनके परिवारीजन जाग गए।
मनोज ने बताया कि नीचे एक व्यक्ति बाइक से आया। उसने एटीएम के बाहर बाइक स्टार्ट करके खड़ी कर दी और अंदर घुस गया। मनोज के मुताबिक उस व्यक्ति ने एटीएम में तोड़फोड़ कर कैश चोरी करने का प्रयास किया।
मामला गड़बड़ देख मनोज ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर वह व्यक्ति बाइक लेकर फरार हो गया। मनोज ने मामले की सूचना नगर कोतवाली पुलिस को दी। शुक्रवार को मनी स्पॉट कंपनी के सुपरवायजर राहुल श्रीवास्तव ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है।
नगर कोतवाल एसके राय ने बताया कि कंपनी से एटीएम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज मांगा गया है। आसपास की दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे है। शीघ्र ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।