शिक्षकों के पदोन्नति के मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी का स्टेनो फंस गया है। एक अधिवक्ता ने स्टेनो पर जालसाजी कर एक ही पत्रांक पर दो शिक्षकों को पदोन्नति देकर मनचाहा स्कूल देने का आरोप लगाया है। शिकायत पर देवीपाटन मंडल के आयुक्त ने जांच के आदेश दिए है। एसडीएम ने जांच शुरू कर दी है।
बेसिक शिक्षा विभाग इन दिनों जांच की आंच में झुलस रहा है। शिक्षकों के पदोन्नति के मामले में बीएसए पहले ही तीन जांचों का सामना कर रहे हैं। अब उनका स्टेनो भी जांच के दायरे में आ गया है।
बीएसए की शिकायत करने वाले अधिवक्ता जितेंद्र सिंह ने बीएसए के स्टेनो दिनेश कुमार वर्मा पर एक ही पत्रांक पर दो शिक्षकों को पदोन्नति का आदेश दिए जाने की शिकायत देवी पाटन मंडल के आयुक्त सुधीर कुमार दीक्षित से की थी।
आयुक्त को दिए शिकायती पत्र में अधिवक्ता का कहना है कि दो माह पहले परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को पदोन्नति दी गई थी, लेकिन इस पदोन्नति में स्टेनो ने करीब 80 शिक्षकों को आवंटित किए गए विद्यालय मे कार्यभार ग्रहण कराने के बजाय कूटरचित तरीके से आदेश बनाकर उन्हें मनचाहे विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण करा दिया।
इसमें दो शिक्षकों को तो एक ही पत्रांक पर आदेश जारी कर दिया गया। इसको गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने जांच एसडीएम सदर को सौंपी है। आयुक्त के आदेश पर एसडीएम सदर अर्चना वर्मा ने इसकी जांच शुरू कर दी है।