कुंदुरखी गांव में बीते दिन राज्यमंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह की चौपाल खत्म होने के बाद विद्युतीकरण के तहत गाड़े जाने वाले खंभों का विवाद सुलझाने पहुंचे एसडीओ वीके सिंह से कुछ लोगों ने अभद्रता कर हाथापाई की। एसडीओ ने इसकी शिकायत मुख्य अभियंता हर्ष मुंशी से करते हुए मामले में एक तहरीर मनकापुर थाने में देने की बात कही है।
यह घटना सोमवार को हुई। बताया जाता है कि कुंदुरखी गांव में पावर कॉरपोरेशन की ओर से 30 खंभों की एक लाइन बनवाई जा रही है। इसके 26 खंभे गाड़े जा चुके हैं, जबकि शेष बचे चार खंभों के गाड़ने पर कुछ ग्रामीण आपत्ति कर रहे हैं।
सोमवार को कुंदुरखी गांव में लगी चौपाल में विद्युतीकरण की लाइन पूरी न हो पाने की शिकायत जब राज्यमंत्री विनोद कुमार सिंह से हुई तो उन्होंने क्षेत्रीय एसडीओ को बुलाकर इसका विवाद हल कराते हुए लाइन का काम पूरा कराने को कहा।
उनके जाते ही गांव के कुछ लोगों से किसी बात को लेकर पावर कारॅपोरेशन के एसडीओ वीके सिंह की कहासुनी होने लगी और देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट की आ गई।
बताते हैं कि कहासुनी के दौरान ही एसडीओ से कुछ लोगों ने बदसुलूकी करते हुए उन्हें पीट दिया। इसकी शिकायत एसडीओ ने गांव से लौटकर अपने उच्चाधिकारियों से की। एसडीओ वीके सिंह का कहना है कि उनके साथ गांव के कुछ लोगों ने मारपीट की है।
वह तो गांव में लोगों को इसलिए समझाने गए थे, ताकि खंभे गाड़ने का विवाद सुलझ जाए और लाइन बन जाए। कहा कि इस मामले में वह मनकापुर थाने में तहरीर देेंगे। वहीं, पावर कॉरपोरेशन के मुख्य अभियंता हर्ष मुंशी ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है। इस संबंध में वह खुद भी जिला प्रशासन के लोगों से बात कर रहे हैं।