चुनावी रंजिश को लेकर मंगलवार की सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग से नवाबगंज के दो गांव गूंज उठे। चौखड़िया गांव में हमलावरों ने हथगोला फेंका और फायरिंग की। गोली लगने से एक निवर्तमान ग्राम प्रधान घायल हो गया, जबकि उसके दो भाइयों समेत चार लोगों को चोटें आई हैं। घायल निवर्तमान ग्राम प्रधान को फैजाबाद के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
वहीं, महंगूपुर गांव में दो पक्षों में मारपीट हुई। इस दौरान हवाई फायरिंग भी की गई, जिसमें दो लोग घायल हो गए। दोनों मामलों में नवाबगंज थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के चौखड़िया गांव के रहने वाले अरविंद पाठक ने बताया कि उसके बड़े भाई तेज बहादुर उर्फ त्रियुगी पाठक निवर्तमान ग्राम प्रधान हैं।
उसकी बड़ी भाभी राजलक्ष्मी पत्नी त्रियुगी पाठक चौखड़िया ग्राम पंचायत से प्रधान पद की प्रत्याशी हैं। उसके बड़े भाई त्रियुगी अपने समर्थकों के संग मंगलवार को गांव में प्रचार करने निकले थे।
अरविंद के मुताबिक उसके गांव के ही निवासी प्रधान पद के एक प्रत्याशी के घर के सामने से वह सभी गुजर रहे थे। तभी प्रधान पद के प्रत्याशी के बेटे ने अपने तीन साथियों संग ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिससे पूरा गांव गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा।
इस दौरान हमलावरों ने हथगोला भी फेंका। तेज बहादुर उर्फ त्रियुगी पाठक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि त्रियुगी के भाई जुगेश बहादुर पाठक, पंच बहादुर पाठक व गांव के ही रहने वाले परमानंद और विनोद को चोटें आई हैं।
घायल त्रियुगी पाठक को फैजाबाद के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
उधर, नवाबगंज थाना क्षेत्र के ही महंगूपुर गांव में चुनावी रंजिश को लेकर मंगलवार की सुबह दो पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान हवाई फायरिंग भी की गई।
मारपीट में एक पक्ष के देवकी नंदन व दूसरे पक्ष के सचिन व नान्हू घायल हो गए। पुलिस ने सचिन व नान्हू को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
थाना नवाबगंज के प्रभारी निरीक्षक रामनगीना सिंह ने बताया कि महंगूपुर में मारपीट हुई है। फायरिंग की सूचना गलत है। शांतिभंग के आरोप में सचिन व नान्हू को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि चौखड़िया गांव में फायरिंग मामले में अभी तहरीर नहंीं मिली है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।