मोतीगंज थाना क्षेत्र के खिरई खिरवा गांव के रहने वाले एक युवक के अकाउंट से हैकर्स ने साढ़े 12 हजार रुपये निकाल लिए। इसका पता खाताधारक को तब चला, जब उसके मोबाइल पर रुपये निकलने का मैसेज आया।
पीड़ित ने मोतीगंज थाने में शनिवार को मामले की तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मोतीगंज थाना क्षेत्र के खिरई खिरवा गांव निवासी अतुल कुमार मिश्र ने बताया कि उसका पंजाब नेशनल बैंक की शाखा कहोबा में खाता है।
अतुल के मुताबिक 17 सितंबर की सुबह पांच बजे उसके मोबाइल पर पहला मैसेज आया, जिसमें उसके अकाउंट से 10 हजार रुपये निकाले गए। इसी के पांच मिनट बाद दूसरा मैसेज 2500 रुपये निकलने का आया। अतुल ने बताया कि उसके अकाउंट में 12, 916 रुपये थे।
पीड़ित ने मोतीगंज थाने में अज्ञात हैकर्स के खिलाफ तहरीर दी है। थाना मोतीगंज के प्रभारी निरीक्षक दिवाकर सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।