पुलिस के पंचायत चुनाव में व्यस्त होते ही चोरों की पौ बारह हो गई है। चोरों ने एक ही रात गांव के चार घरों में पांच जगह नकब लगाकर करीब तीन लाख रुपये का माल पार कर दिया। बुधवार सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ितों ने उतरौला कोतवाली में सूचना दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
उतरौला क्षेत्र के ग्राम देवरिया मैनहा निवासी जगराम ने बताया कि मंगलवार रात उनका परिवार घर के बाहरी हिस्से में सो रहा था। देर रात घर के पिछले हिस्से में दो जगह नकब लगाकर भीतर घुसे चोर करीब एक लाख रुपये का सामान चुरा ले गए।
इसी गांव में चोरों ने द्वारिका के घर में नकब लगाकर करीब एक लाख का माल उड़ा दिया। राम शबद के घर में भी चोर सेंध लगाकर बरतन व अनाज आदि सामान उठा ले गए।
चोरों ने गांव में एक अन्य के घर में भी नकब लगाने का असफल प्रयास किया। घरवालों के जागने के बाद शोर मचाने पर चोर भाग गए। पीड़ितों के मुताबिक चोरों ने उनके घरों से कुल करीब तीन लाख का सामान पार कर दिया है।
बुधवार को पीड़ितों ने मामले की सूचना उतरौला कोतवाली में दी। क्षेत्र की पुलिस चौकी श्रीदत्तगंज के प्रभारी वीर बहादुर यादव ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। शीघ्र ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।