ललिया थाना क्षेत्र के जोगिया कला गांव के पास अवैध खनन रोकने गई यूपी डायल 100 की टीम पर ग्राम प्रधान सहित ग्रामीणों ने हमला कर दिया। पथराव कर डायल 100 गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। हवाई फायरिंग कर पुलिस के कब्जे से अवैध बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली भी छुड़ा ले गए।
डायल 100 गाड़ी के प्रभारी व पुलिसकर्मी किसी तरह से जान बचाकर भागे। डायल 100 गाड़ी के प्रभारी की तहरीर पर ललिया थाने में प्रधान सहित 15 नामजद व करीब 25 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी फरार हैं।
बलरामपुर देहात की यूपी डायल 100 गाड़ी संख्या 2467 के प्रभारी हेड कांस्टेबल दिग्विजय सिंह ने बताया कि बुधवार रात मुखबिर की सूचना पर टीम थाना ललिया के ग्राम जोगिया कला में हो रहे अवैध बालू खनन रोकने पहुंची थी।
मौके पर कुछ लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बालू लोड कर रहे थे। पुलिस को देखते ही ट्रैक्टर चालक व अन्य लोग मौके से फरार हो गए। कंट्रोल रूम की सूचना पर यूपी डायल 100 गाड़ी संख्या 2466 के प्रभारी राज बहादुर शुक्ल भी साथियों के साथ पहुंच गए।
पुलिस टीम अवैध बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में लेकर आने लगी। टीम जैसे ही गांव में पहुंची लोगों ने रास्ते में बैलगाड़ी खड़ी कर रास्ता रोक दिया। पुलिस जब तक कुछ समझ पाती तब तक ग्रामीणों ने गाड़ी पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
तमंचे से फायर करते हुए ग्रामीण पुलिस के कब्जे में ली गई ट्रैक्टर-ट्रॉली छीनकर भाग गए। 2466 गाड़ी का शीशा भी ग्रामीणों के हमले में क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुए हमले से पुलिस टीम सकते में आ गई। किसी तरह मौके से जान बचाकर निकल पाई। प्रभारी दिग्विजय सिंह ने मामले की तहरीर ललिया थाने में दी है।
थानाध्यक्ष रुदल यादव ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने वाले जोगिया कला के ग्राम प्रधान राजू, कर्ताराम, नानू, कनकन, सुमिरन, छोटकऊ, विजय, शेषराम, राम उग्गर, जीतराम, छोटकऊ, जगतराम, मनोज उर्फ महंत, निबरे व जेठाराम के खिलाफ नामजद समेत 40 के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी गांव छोड़कर भाग गए हैं। आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।