वजीरगंज थाना क्षेत्र के डुमरियाडीह में नवरात्र की नवमी को दावत खाने आए साथी ने टैक्सी चालक को टैक्सी चढ़ाकर मार डाला। इस मामले में टैक्सी चालक की पत्नी ने थाना वजीरगंज में पति के साथी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के डुमरियाडीह के रहने वाले आनंद प्रताप सिंह की पत्नी अनीता सिंह ने बताया कि उसके पति टैक्सी चालक थे। वह देहात कोतवाली क्षेत्र के नेवारी गांव के रहने वाले विजय प्रकाश की मार्शल चलाते थे।
अनीता के मुताबिक नवरात्र की नवमी पर सोमवार को उसके घर रिश्तेदारों व संबंधियों की दावत थी। दावत में उसके पति आनंद का एक मित्र रामपाल निवासी दर्जीकुआं कोतवाली देहात भी आया था। अनीता ने बताया कि खाना खाने के बाद उसके पति घर के बाहर चारपाई पर लेटे थे। उनके पास ही रामपाल भी बैठा था।
अनीता के मुताबिक देर रात चीख सुनकर वह बाहर निकली तो मार्शल के नीचे उसके पति पड़े थे और रामपाल उन्हें कार से रौंद रहा था। जब वह दौड़ी तो रामपाल भाग निकला और उसके पति का शव मार्शल के नीचे पड़ा मिला।
अनीता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में अनीता ने थाना वजीरगंज में रामपाल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष वजीरगंज विनोद सिंह यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।