भूमि विवाद में मामा को भांजे ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आनन-फानन में घायल को सीएचसी जहांगीरगंज पहुंचाया गया जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मौके पर एसडीएम आलापुर विनय गुप्ता व थानाध्यक्ष नीरज राय ने सीएचसी पहुंच कर घायल से पूछताछ की। पुलिस ने घायल की तहरीर पर आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
मामला जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के बावली चौक का है। थाना क्षेत्र के तिलकटंडा गांव निवासी रामबुझारत पुत्र गोगई से उसी गांव में रह रहे उसके सगे बहनोई से भूमि विवाद चल रहा है। बुधवार को जब मोहर्रम जुलूस निकल रहा था तो पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में लगी थी। उसी समय राम बुझारत बावली चौक के एक स्टेशनरी की दुकान पर बैठे थे।
बताया जाता है कि इसी बीच उनके बहनोई विश्वनाथ व उनके पुत्र जितेंद्र, योगेंद्र, सत्येंद्र व भोला आदि योजनाबद्ध तरीके से रामबुझारत पर हमलावर हो गये। चाकू से हमला कर दिए जाने से रामबुझारत के पेट व सिर में गंभीर चोटें आ गई।
सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष नीरज राय ने घायल को सीएचसी जहांगीरगंज पहुंचाया। स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष नीरज राय ने बताया कि घायल की तहरीर पर जानलेवा हमले समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। बताया कि घटना के पीछे भूमि विवाद का मामला सामने आ रहा है।