डीएम आशुतोष निरंजन ने शनिवार को एसपी सुधीर कुमार सिंह के साथ खाद्य रसद विभाग के नवाबगंज ब्लाक गोदाम पर अचानक छापा मारा। छापेमारी में उन्होंने गोदाम पर राशन में बड़ा घपला पकड़ा है।
गोदाम पर उन्हें एक फर्जी व्यक्ति मिला जिसे गिरफ्तार करवाने के साथ गोदाम के चौकीदार को भी हिरासत में लिया है। डीएम ने खाद्य रसद विभाग के जिला विपणन अधिकारी को नवाबगंज के ब्लाक गोदाम को दो दिन के अंदर गोदाम बदलने का निर्देश दिया है।
जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन को शिकायत मिली थी कि राशन माफिया के दबाव में आधा दर्जन से अधिक ग्राम पंचायतों के उचित दर विक्रेताओं को कई माह से पीडीएस का राशन नही दिया जा रहा है।
शनिवार को डीएम आशुतोष निरंजन ने एसपी सुधीर कुमार सिंह के साथ दोपहर में 1.15 बजे नवाबगंज ब्लाक के पीडीएस गोदाम पर छापा मारा। अफसरों को गोदाम में बृजनाथ नाम का एक फर्जी व्यक्ति पकड़ में आया। अफसरों ने उससे आधे घंटे तक पूछताछ की ।
पता चला कि पकड़ा गया व्यक्ति राशन माफिया का बड़ा सूत्रधार है जो गोदाम मालिक व गोदाम प्रभारी से मिलकर काम राशन घपले में अहम रोल अदा कर रहा था। डीएम के निर्देश पर पुलिस ने बृजनाथ को गिरफ्तार कर लिया।
इसके अलावा गोदाम पर मिला चौकीदार मिथुन डीएम को देख सरकने की फिराक में था लेकिन डीएम ने उसे भी हिरासत में लेने का निर्देश दिया। साथ में लगे पुलिस कर्मी दोनों को गाड़ी में बैठा ले गये। जबकि डीएम की छापेमारी में गोदाम पर 1400 बोरी गेहूं व 900 बोरी चावल मिला है।
मौजूदा स्टाक व वितरण रजिस्टर समेत अन्य अभिलेख को भी डीएम ने कब्जे में ले लिया है । प्रारम्भिक जांच में गोदाम पर राशन का बड़ा घपला होने की पुष्टि हुई है। डीएम ने अभिलेखों व मौजूदा राशन स्टाक के मिलान के लिए डिप्टी आरएमओं को निर्देश दिया है। इसके अलावा डीएम ने गोदाम प्रभारी को हटाने के साथ दो दिन के अन्दर गोदाम बदलने का भी निर्देश दिया है।