शहर के मालवीय नगर मोहल्ले में गुरुवार की रात वर्चस्व को लेकर मालवीय नगर के सभासद व चार युवकों में भिड़ंत हो गई। इस दौरान मारपीट व फायरिंग हुई। इस मामले में कोतवाली नगर में सभासद ने चार युवकों के खिलाफ मारपीट एवं डकैती व युवकों ने सभासद पर जानलेवा हमला करने और छनैती की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शहर के मालवीय नगर के रहने वाले मालवीय नगर के सभासद धर्मेन्द्र कश्यप ने कोतवाली नगर में गुरुवार की देर रात दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया कि मालवीय नगर के रहने वाले वैभव सिंह अपने तीन साथियों और कुछ अज्ञात लोगों के साथ गुरुवार की रात मोहल्ले में ही आ पहुंचे और उसे मारपीट कर सोने की चेन, अंगूठी व 5 हजार रुपये नकदी लूट ली और फरार हो गए।
सभासद धर्मेन्द्र कश्यप ने कोतवाली नगर में वैभव सिंह समेत चार लोगों को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ मारपीट व डकैती की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं मालवीय नगर के रहने वाले वैभव सिंह ने कोतवाली नगर में दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया कि मालवीय नगर के सभासद धर्मेन्द कश्यप उर्फ धरम गुरुवार की रात मोहल्ले में ही उससे भिड़ गए और मारपीटकर उसपर तमंचे से फायर कर दिया।
वैभव का आरोप है कि धरम कश्यप उसकी सोने की चेन भी छीन लिया और धमकी देते हुए भाग निकले। वैभव सिंह ने कोतवाली नगर में सभासद धर्मेन्द्र कश्यप के खिलाफ मारपीट, जानलेवा हमला, छिनैती व धमकी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।