स्थानीय ब्लॉक की ग्राम पंचायत उतरौला ग्रामीण के बूथ संख्या तीन पर पहुंचे सीडीओ व सीओ तुलसीपुर ने लाइन में खड़े मतदाता की पिटाई कर दी। पिटाई से मतदाताओं में आक्रोश फैल गया। मतदाताओं ने प्रदर्शन करते हुए सीडीओ व सीओ पर दबंगई का आरोप लगाते हुए निर्दोष के पिटाई की निंदा की। पिटाई के चलते इस बूथ पर करीब एक घंटे तक मतदान बाधित रहा है। बाद में पहुंचे अधिकारियों ने वोटरों को समझा-बुझाकर मतदान शुरू कराया।
बूथ संख्या तीन के मतदाता राक्षनाथ, पप्पूनाथ, जीवानाथ, राकेशनाथ व वीरे ने बताया कि बूथ पर वह लोग बुधवार सुबह मतदान के लिए लाइन में खड़े थे। इसी बीच बूथ पर पहुंचे सीडीओ एपी सिंह तथा सीओ तुलसीपुर एलडी भारती ने राक्षनाथ से मतदाता पर्ची मांगी तथा पहचान पत्र दिखाने का कहा।
राक्षनाथ ने अपनी मतदाता पर्ची व आधार कार्ड दिया तो मतदाता पर्ची तथा आधार कार्ड में राक्षनाथ की उम्र भिन्न थी। राक्षनाथ ने बताया कि यह गलती राजस्व अधिकारियों व कर्मचारियों ने की है। उसने इसी पहचान पत्र पर डीडीसी व बीडीसी चुनाव में वोट भी डाला है।
राक्षनाथ का आरोप है कि इसी बात से नाराज सीडीओ ने डंडे से उसकी पिटाई शुरू कर दी। सीडीओ के साथ बूथ पर पहुंचे सीओ तुलसीपुर एलडी भारती ने भी राक्षनाथ को पीटा। पिटाई से राक्षनाथ को काफी चोटें आई है।
राक्षनाथ की पिटाई के चलते मतदाता आक्रोशित हो गए तथा सीडीओ व सीओ के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। अफरा-तफरी के चलते करीब एक घंटे तक मतदान बाधित रहा। मामले की सूचना डीएम प्रीति शुक्ला को दी गई।
डीएम के निर्देश पर बूथ पर पहुंचे अन्य अधिकारियों ने मतदाताओं को समझा-बुझाकर मतदान शुरू कराया। ग्रामीणों ने डीएम से मामले की जांच कराकर निर्दोष वोटरों को पीटने वालों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।