धानेपुर थाना क्षेत्र के देवरहना गांव में रविवार की सुबह जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। सिपाहियों की मौजूदगी में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के लोगों का ट्रैक्टर व सात बीघा गन्ने की फसल फूंक दी। मारपीट में एक पक्ष के चार व दूसरे पक्ष से एक लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों के लोगों ने धानेपुर थाने में तहरीर दी है।
धानेपुर थाना क्षेत्र के देवरहना गांव निवासी द्वारिका प्रसाद का पड़ोसी गांव चिकारीपुरवा के रहने वाले पारसनाथ से सात बीघा जमीन पर कब्जे को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है। द्वारिका का आरोप है कि रविवार को पारसनाथ अपने 50 साथियों के साथ आ धमके और उसकी जमीन पर कब्जा करने लगे।
विरोध करने पर द्वारिका, उसके बेटे अभिषेक, अविनाश, लवकु श व अवधेश, मीरा पत्नी द्वारिका को मारपीट कर जख्मी कर दिया। द्वारिका का यह भी आरोप है कि थाना धानेपुर के सिपाही मौके पर भूमि पर कब्जा कराने आए थे, मारपीट होने लगी तो सिपाही भाग निकले।
उनका आरोप है कि जमीन कब्जाने आए लोगों ने उसकी सात बीघा गन्ने की फसल फूंक दी। उधर, पारसनाथ का आरोप है कि उसकी जमीन पर द्वारिका प्रसाद ने जबरन कब्जा कर रखा है। इस मामले की शिकायत उन्होंने एसडीएम से की थी, जिस पर एसडीएम ने धानेपुर पुलिस को कब्जा हटवाने का निर्देश दिया था।
पारसनाथ ने बताया कि वह रविवार को जमीन की जुताई कराने के लिए भष्मपुरवा निवासी राम उजागर वर्मा का ट्रैक्टर लेकर गए थे। पारसनाथ का आरोप है कि उनके पहुंचते ही द्वारिका व उनके परिवारीजनों ने उन पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह जख्मी हो गए।
पारसनाथ का आरोप है कि इस दौरान द्वारिका व उसके परिवारीजनों ने ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया, जिसमें ट्रैक्टर जल गया। थानाध्यक्ष धानेपुर देवेंद्र पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है, जांच कर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। एसओ ने बताया कि एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।