दुबहा बाजार क्षेत्र के धर्मपुर गांव के मजरा चौहानपुरवा में शनिवार देर रात एक ग्राम प्रधान पद के प्रत्याशी ने अपने समर्थकों संग बीडीसी सदस्य के घर पर हमला बोल दिया। इस दौरान हमलावरों ने क्षेत्र पंचायत सदस्य से मारपीट की और उसकी स्कार्पियो तोड़ दी।
इस मामले में बीडीसी सदस्य ने कौड़िया थाने की धोबहा राय पुलिस चौकी में ग्राम प्रधान पद के एक प्रत्याशी और उसके समर्थकों समेत 10 लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
कौड़िया थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव के मजरा चौहान पुरवा के रहने वाले राजेश सिंह ने बताया कि वह अपने गांव से बीडीसी सदस्य है।
राजेश के मुताबिक वह ग्राम प्रधान पद के प्रत्याशी कमलेश सिंह का समर्थक है और उनके लिए चुनाव प्रचार कर रहा है।
इसी से नाराज होकर ग्राम प्रधान पद के एक प्रत्याशी और उसके नौ समर्थक शनिवार देर रात उसके घर पर आ धमके और उसे मारपीटकर उसकी स्कार्पियो गाड़ी तोड़ दी।
इस मामले में बीडीसी सदस्य राजेश सिंह ने कौड़िया थाने की पुलिस चौकी धोबहा में एक ग्राम प्रधान के प्रत्याशी व उसके 9 समर्थकों के खिलाफ तहरीर दी है।
चौकी प्रभारी धोबहा रामकुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।