एमएलसी चुनाव को लेकर जिले में आरोप प्रत्यारोपों का दौर जारी है। मंगलवार को बनकटी सूर्यबली सिंह गांव प्रधान राधिका सिंह के पति श्याम सिंह ने आरोप लगाया कि एक मंत्री के इशारे पर उनका अपहरण कर लिया गया हालांकि पुलिस के दखल के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। जबकि एसपी प्रदीप यादव ने कहा कि उन्हें कोई शिकायत नही मिली थी। राधिका एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजेश सिंह उर्फ डब्बू की प्रस्तावक हैं।
मंगलवार को भाजपा कार्यालय पर कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह की ओर से आयोजित एक पत्रकार वार्ता में मीडिया से मुखातिब श्याम सिंह ने बताया कि सोमवार की रात अलावल देवरिया गांव के रहने वाले तारिक खां की फार्च्यूनर गाड़ी से रात 3 बजे उनका अपहरण करके उन्हें मंत्री के आवास पर लाया गया।
जहां भाजपा प्रत्याशी राजेश सिंह उर्फ डब्बू के चुनाव में बतौर प्रस्तावक प्रस्ताव करने वाली उनकी पत्नी से प्रस्ताव वापस लेने का दबाव डाला गया। यही नहीं उन्हें 50 लाख रुपये की लालच भी दी गई।
श्याम सिंह ने खुद की हत्या की भी आशंका जताई है। साथ ही पूरे प्रकरण की शिकायत निर्वाचन आयोग को भी भेजी है। लेकिन पत्रकारों के बार-बार मंत्री का नाम पूछने पर उसने एक भी बार मंत्री का नाम नहीं लिया।