कटरा शिवदयालगंज-फैजाबाद बाईपास के सरयू पुल पर शनिवार को दोपहर ट्रक ने एक महिला को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। पुलिस ट्रक को थाने ले आई है। इस मामले में ट्रक चालक के खिलाफ थाना नवाबगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
श्रावस्ती जिले के सिरसिया थाना क्षेत्र के चौगड़ गांव के रहने वाले अंगनू मौर्य ने बताया कि वह अपने गांव के लोगों के साथ सावन मेला में अयोध्या आया था। यहां से शनिवार को दोपहर वह सभी पैदल फैजाबाद बाईपास होते हुए सरयू पुल के रास्ते शिवदयालगंज कटरा आ रहे थे।
तभी सरयू पुल के पास उसके गांव की रहने वाली फूलमता (40) पत्नी बाबूराम को सामने से आ रहे ट्रक ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। अंगनू मौर्य ने थाना नवाबगंज में ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। चौकी प्रभारी लकड़मंडी सुदामा यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।