लालगंज कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को दंगल देखने जा रहे तीन बच्चों को एक तेज रफ्तार जीप ने कुचल दिया। इससे दो की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
दो बच्चों की मौत से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और सभी ने कानपुर मार्ग जाम कर दिया। इस दौरान गुस्साए लोगों ने कई वाहन भी तोड़े। पुलिस पहुंची तो उसके साथ धक्कामुक्की हुई।
सभी जीप चालक को गिरफ्तार करने और मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे थे। बाद में लोगों को मांगों को पूरा करने का आश्वासन देकर शांत कराया गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत भाग गया।
घायल बच्चे की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस हादसे से रक्षाबंधन पर तीन घरों की खुशियां एक क्षण में मातम में तब्दील हो गईं।
राजपतिनगर मजरे धनाभाद निवासी गुलशन (13) पुत्र रामकुमार प्रजापति, शैलेंद्र (13) पुत्र श्रीनाथ रैदास व सादिक अली पुत्र शाहिद घर से शनिवार को अपराह्न दो बजे सातनपुर गांव में रक्षाबंधन पर लगा दंगल देखने जा रहे थे।
जैसे एसजेएस पब्लिक स्कूल के निकट पहुंचे पीछे से आ रही जीप ने उन्हें कुचल दिया। इसमें गुलशन की मौके पर मौत हो गई। वह कुम्हडौरा के एक प्राइवेट स्कूल का 9वीं कक्षा का छात्र था।
शैलेेेंद्र और सादिक को लेकर लोग अस्पताल ले गए। रास्ते में शैलेंद्र की भी मौत हो गई। सादिक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि टक्कर के समय कुछ लोगों ने जीप को रोकने की कोशिश की तो ड्राइवर असलहा दिखाकर भाग गया। इधर, ड्राइवर की गिरफ्तारी को लेकर लोगों ने कानपुर रोड पर जाम लगा दिया और पुलिस के विरोध में नारेबाजी करने लगे।
कुछ वाहनों में तोड़फोड़ भी की। मौके पर पहुंचे कोतवाल धनंजय सिंह के साथ लोगों ने धक्कामुक्की की। किसी तरह पुलिस ने जाम खुलवाया और गुलशन की लाश लेकर थाने आए।
उधर, सीएचसी से शैलेंद्र की लाश लेकर परिवारीजन गांव पहुंच गए और धनाभाद के पास दुबारा रोड जाम कर दिया। सीओ रामअर्ज, कोतवाल धनंजय सिंह दोबारा मौके पर गए। फरार ड्राइवर की गिरफ्तारी और मुआवजा दिलाने के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए और जाम खुल सका।