गोंडा-फैजाबाद मार्ग पर कोल्ड स्टोरेज तिराहे के पास मंगलवार को सुबह बाइक सवार पिता-पुत्र को पीछे से आ रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को फैजाबाद ले जाते समय पिता की रास्ते में मौत हो गई। बेटे को फैजाबाद में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के अशोकपुर गांव के रहने वाले पंकज सिंह (38) अपने बेटे विशाल सिंह (15) के साथ मंगलवार को सुबह मोटरसाइकिल से नवाबगंज से अपने गांव जा रहे थे।
इसी दौरान वह गोंडा-फैजाबाद मार्ग पर कोल्ड स्टोरेज तिराहे के पास पहुंचे, जहां स्पीड ब्रेकर होने से वह बाइक की गति कम करके पार कर रहे थे।
इसी बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जिससे पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों लोगों को फैजाबाद ले जाते समय पंकज सिंह की रास्ते में मौत हो गई।
विशाल को जिला अस्पताल फैजाबाद में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। अशोकपुर गांव के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मुरलीधर पांडेय ने पंकज सिंह की हादसे में मौत होने की पुष्टि की है।