गोंडा बहराइच मार्ग पर पिपरा बाजार गांव के समीप बाइकर्स गैंग के दो बदमाशों ने मंगलवार की रात में असलहे के बल पर एक फाइनेंस कंपनी के फील्ड अफसर से 7 लाख रुपये लूट कर फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में काफी हाथ पांव मारे लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगाया जा सका। इस मामले में पीड़ित फील्ड अफसर ने खरगूपुर थाने में दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के पूरे शिवा बख्तावर गांव के मजरे भेलहनपुरवा का रहने वाले अनिल कुमार तिवारी मैग्मा फिन्कार्प फाइनेंस कंपनी में फील्ड अफसर के पद पर तैनात हैं। अनिल कुमार के मुताबिक वह 20 मार्च को कंपनी के पैस की वसूली के लिए बहराइच के नानपारा व रिसिया बाजार गया था।
अनिल ने बताया कि 21 मार्च तक उसने 6.75 लाख रुपये की वसूली की थी। वसूल की गई रकम को बहराइच के भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में जमा कराना था। अनिल जब मंगलवार को करीब 3.25 बजे स्टेट बैंक पहुचा तो बैंक का सर्वर डाउन था इसलिए उसके रुपये नही जमा हो सके।
अनिल के बताया कि देर शाम करीब 8 बजे वह रुपयों से भरा बैग लेकर अपनी बाइक से गोंडा लौट रहा था। वह खरगूपुर थाना क्षेत्र के पिपरा बाजार गांव के समीप पहुंचा ही था कि पीछे बाइक से आ रहे दो युवकों ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया।
उसके रुकते ही पीछे बैठे बदमाश ने उसके कनपटी से तमंचा सटा दिया और बाइक पर रखा उसका बैग लूट लिया और वापस बहराइच की ओर भाग निकले। जाते समय बदमाश उसके बाइक की चाभी भी अपने साथ लेते गए।
अनिल के मुताबिक बैग में 675314 रुपये नकद, टेबलेट, प्रिंटर व अन्य कागजात रखे हुए थे। अनिल ने तत्काल इसकी सूचना कंपनी के एरिया मैनेजर राजकुमार उपाध्याय, अपने बहनोई अशोक कुमार व 100 डायल को दी।
लूट की सूचना मिलने पर 100 डायल टीम के अलावा खरगूपुर एसओ बृजेंद्र पटेल, इटियाथोक एसओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव व कौडिय़ा एसओ मनोज कुमार राय अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।
बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस अफसरों ने पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच कराई लेकिन बदमाश भागने में कामयाब रहे। अनिल ने पुलिस अफसरों को बताया कि दोनों बदमाश काले रंग की अपाचे बाइक से आए थे और बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट पहन रखा था जबकि दूसरा युवक गमछा लपेटे हुए था इसलिए वह दोनो ही बदमाशों का चेहरा नहीं देख सका।
इस मामले में पीड़ित कर्मचारी अनिल कुमार ने बाइकर्स गैंग के दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ खरगूपुर थाने में लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक खरगूपुर बृजेंद्र पटेल ने बताया की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।