युवक को चचेरे भाई ने मारी गोली
गोंडा। नचनी गांव में मामूली विवाद को लेकर रविवार की देर रात घर के बरामदे में सोते समय कुछ लोगों ने एक युवक को गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुनकर दौड़े दो लोगों को भी हमलावरों ने पीटा। गोली लगने से घायल युवक को सीएचसी लाया गया। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के नचनी गांव के रहने वाले दधिबल ने कोतवाली करनैलगंज में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसके भतीजे रामजी का उसके चचेरे भाई ओमप्रकाश से 23 फरवरी को मामूली विवाद को लेकर कहासुनी हो गई थी।
दधिबल का आरोप है कि रविवार की देर रात रामजी घर के बरामदे में सो रहा था तभी ओमप्रकाश अपने साथियों के साथ वहां आ धमका और तमंचे से रामजी को गोली मार दी। जिससे वह घायल हो गया।
दधिबल के मुताबिक जब वह गोली चलने की आवाज सुनकर वह शिवम के साथ दौड़े तो हमलावरों ने उनकी पिटाई कर दी। रामजी को सीएचसी करनैलगंज लाया गया। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दधिबल गोस्वामी ने कोतवाली करनैलगंज में ओमप्रकाश उसके बेटे गोलू, भोलू व मथुरा प्रसाद निवासी ग्राम राम प्रसाद पुरवा थाना कटरा बाजार के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल राजेश सिंह ने बताया कि एक आरोपी ओम प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया गया है।