मदरसे के उपसचिव ने दो अन्य के साथ मिलकर फर्जी तरीके से संस्था के 53 लाख रुपये से अधिक का गबन कर लिया। संस्था के अध्यक्ष की तहरीर पर उपसचिव सहित तीन के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मदरसा अलजामे अतुल गौसिया अरबी कॉलेज उतरौला की प्रबंध समिति के अध्यक्ष महबूब अली खां ने उतरौला कोतवाली में दी गई तहरीर में कहा है कि संस्था का खाता प्रबंधक तथा कोषाध्यक्ष के संयुक्त हस्ताक्षर से संचालित होता है।
अध्यक्ष के मुताबिक, संस्था के उपसचिव अहमद अली ने इकबाल अहमद व गुलाम रब्बानी के साथ मिलकर जाली दस्तावेज के सहारे बैंक में संस्था का एक समानांतर खाता खोल लिया।
इन लोगों ने संस्था के मद से 52 लाख 53 हजार 604 रुपया निकालकर गबन व अपव्यय कर लिया। अध्यक्ष के मुुताबिक, उपसचिव को संस्था के बैंक खाता संचालन का कोई अधिकार ही नहीं है।
कोतवाल उतरौला मथुरा राय ने बताया कि अध्यक्ष महबूब अली खां की तहरीर पर उपसचिव अहमद अली, इकबाल अहमद तथा गुलाम रब्बानी के खिलाफ धोखाधड़ी तथा गबन आदि का केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच एसआई रविशंकर पाठक कर रहे हैं।