अमर उजाला ब्यूरो
गोंडा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर कन्नौज के थाना ठठिया क्षेत्र के बासुईया गांव के समीप सड़क हादसे में गोंडा के दिल्ली से गोंडा आ रहे 11 यात्री घायल हो गए। घायलों को कन्नौज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की खबर गोंडा पहुंचने पर घायलों के परिवारीजन कन्नौज के लिए रवाना हो गए हैं।
बता दें कि दिल्ली से एक प्राईवेट बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे के रास्ते कन्नौज होते हुए गोंडा आ रही थी। कन्नौज जनपद के ठठिया थाना क्षेत्र के आसुईया गांव के समीप बस यात्रियों ने चालक से एक्सप्रेस वे पर बस रोकवा दी। इसी बीच पीछे से आ रहे बेकाबू ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। जिससे बस में सवार दशरथ (48) पुत्र प्रेमनारायण, कमलादेवी (36) पत्नी दशरथ, शिखा (19) पुत्री दशरथ, सर्वेश (24) पुत्र बद्री विशाल निवासी जमइया थाना तरबगंज जिला गोंडा, राधेश्याम (55) पुत्र रामधीरज, रजनी (6) पुत्री हरीराम, गीता (35) पत्नी शिवशंकर सभी ग्राम बनुआ थाना उमरी बेगमगंज जनपद गोंडा, सालिकराम (30) पुत्र राममिलन निवासी बखरिया थाना उमरी बेगमगंज, रघुनाथ प्रसाद (70) पुत्र अयोध्या प्रसाद, कमला देवी (60) पत्नी रघुनाथ, सुंदरलाल (30) पुत्र रघुनाथ सभी ग्राम चौदहा थाना कटरा बाजार जनपद गोंडा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को कन्नौज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही घायलों के परिवार के लोग कन्नौज के लिए रवाना हो गए हैं।