सर्व यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा कटरा शिवदयालगंज से गुरुवार को दोपहर रुपये निकाल कर घर पहुंचे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की बाइक की डिक्की से उचक्के ने 50 हजार रुपये पार कर दिए। इस मामले में पीड़ित ने नवाबगंज थाने में उचक्के के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
नवाबगंज कस्बे के सिरसा कॉलोनी के रहने वाले प्रमोद कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि वह जंगबहादुर लाल बनवारीलाल इंटरमीडिएट कॉलेज रींवा में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है।
प्रमोद के मुताबिक गुरुवार को उनके विद्यालय के सहायक अध्यापक पुनीत कुमार श्रीवास्तव ने उन्हें सर्व यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा कटरा शिवदयालगंज से रुपये निकालने के लिए भेजा था।
प्रमोद ने बताया कि उन्होंने बैंक से 50 हजार रुपये निकाले और उसे डिक्की में पॉलिथीन में रखने के बाद अपने घर पहुंचे। वहां और सामान रखने के लिए घर के अंदर चले गए।
बाद में रुपये निकालने के लिए बाहर निकले तो एक उचक्का डिक्की से रुपये निकाल कर भाग रहा था। उसे दौड़ाकर पकड़ने का प्रयास किया, मगर वह भाग निकला।
इस मामले में प्रमोद कुमार ने नवाबगंज थाने में उचक्के के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष नवाबगंज रामनगीना सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है।