खरगूपुर (गोंडा)। बोरिंग से खेत में पानी ले जाने के विवाद को लेकर मार पीट में दो लोगों को चोटें आईं हैं। वहीं एक अन्य घटना में ट्रैक्टर दूसरे के खेत में ले जाने पर दो लोगों पर हमला कर घायल कर दिया गया। पुलिस ने उक्त मामले में 11 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
घटना थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर हुई। ग्राम पंचायत जानकी नगर में आशुतोष पाण्डेय व राजू पांडेय के बीच बोरिंग से खेत में पानी ले जाने को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गयी। जिसमें एक पक्ष के आशुतोष पाण्डेय(30) व दूसरे पक्ष के राजू पांडेय (32 को चोटें आईं हैं। पुलिस ने एक पक्ष से राजू पांडेय, शिवराज पांडेय, शिव कुमार व राकेश पांडेय तथा दूसरे पक्ष से लालता प्रसाद पांडेय, अनंतराम, प्रेमनाथ व आशुतोष पांडेय के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की हैं।
वहीं दूसरी ओर ग्राम पंचायत नौशहरा के मजरा लक्ष्मनपुर में ओम प्रकाश अपने खेत में ट्रैक्टर ले जा रहे थे। इसी बीच ट्रैक्टर पड़ोसी राज किशोर के खेत में चला गया। इसी बात को लेकर ओम प्रकाश तिवारी, सुशील व सुनील ने अंकित (25) व राज किशोर (46) पर हमला कर घायल कर दिया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि उक्त मामलों में 11 लोगों के विरुद्ध मारपीट व हमला करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर घायलों को स्थानीय सी एच सी भिजवाया गया। वहीं ओम प्रकाश तिवारी, आशुतोष पांडेय व राजू पांडेय को गिरफ्तार कर जेल रवाना कर दिया गया है।