छात्र पर बम से हमला, मारी गोली
गोंडा। कटहाघाट के पास रविवार देर शाम दोस्त से मिलने स्कूटी से जा रहे छात्र पर बाइक सवार तीन युवकों ने बम से हमला कर दिया। छात्र के गिरते ही हमलावर उसे गोली मारकर भाग गए।
घायल छात्र को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से उसे गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस हमलावरों की तलाश में कटहाघाट व मेवातियान मोहल्ले में छापेमारी कर रही है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के गायत्री पुरम मोहल्ले के रहने वाले सुनील सिंह का बेटा शोभित सिंह (18) मनकापुर के इंटर कॉलेज में हाईस्कूल का छात्र है। रविवार शाम वह स्कूटी से कटहाघाट के पास रहने वाले अपने मित्र शिवम मिश्र से मिलने उसके घर गया था।
शिवम से मिलने के बाद वह देर शाम अपने घर लौट रहा था। रास्ते में कटहाघाट के समीप बाइक सवार तीन युवकों ने शोभित पर बम से हमला कर दिया। हमले से घबराकर वह स्कूटी समेत गिर गया।
इसी बीच बाइक सवार युवकों ने शोभित को गोली मार दी और असलहा लहराते हुए भाग निकले। शोभित को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
फायरिंग की सूचना पर सीओ सदर ब्रह्म सिंह, कोतवाली नगर के इंस्पेक्टर मनोज कुुुमार राय ने जिला अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। इंस्पेक्टर ने बताया कि, अभी तहरीर नहीं मिली है।
तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। हमलावरों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम कटहाघाट व मेवातियान मोहल्ले में छापेमारी कर रही है। सीओ सदर ने बताया कि, घटना के कारणों की छानबीन की जा रही है।