रेप पीड़िता की बहन को दुराचारियों ने दी उठाने की धमकी
गोंडा। कौड़िया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली हाईस्कूल की छात्रा ने दुराचार के आरोपियों की धमकी से आजिज आकर स्कूल जाना बंद कर दिया है।
आरोपी युवक छात्रा के बड़ी बहन के साथ दुराचार कर चुके हैं और अब मामले में सुलह करने का दबाव बना रहे हैं। पीड़ित छात्रा ने कौड़िया पुलिस से शिकायत कर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
महिला सुरक्षा को लेकर योगी सरकार लाख दावा करे लेकिन जमीन पर इन दावों को हकीकत कुछ अलग ही है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए गठित किया एंटी रोमियो स्क्वायड भी फ्लाप है। सुरक्षा की जिम्मेदारी का बोझ उठा रही पुलिस ही अपराधियों को संरक्षण देने में जुटी है।
इस गठजोड़ का ही नतीजा है कि दुराचार के जिन आरोपियों को जेल के भीतर होना चाहिए वह दुराचार जैसे गंभीर मामले में सुलह का दबाव बनाने के लिए सरे आम रेप पीड़िता की बहन को उठा ले जाने की धमकी दे रहे हैं।
मामला कौड़िया थाना क्षेत्र के एक गांव का है। चार माह पहले थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी को गांव के ही कुछ लोग अगवा कर ले गए थे। अगवा करने वाले आरोपी ने किशोरी के साथ दुराचार किया और फिर उसे अपने एक साथी के हाथ बेच दिया।
दूसरा युवक किशोरी को अपने सहयोगियों की मदद से मुंबई ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। मामला दो समुदायों के बीच का होने के कारण इधर जब पुलिस का दबाव बढ़ा तो किशोरी को लाकर उसके गांव के बाहर छोड़कर आरोपी फरार हो गए।
इस मामले में पीड़िता की तहरीर पर दुष्कर्म करने वाले दोनों आरोपियों समेत सात लोगों के खिलाफ कौडिय़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें एक आरोपी फिरोज अहमद जेल जा चुका है।,जबकि सहयोग करने वाले दो अन्य जमानत पर बाहर हैं।
इसके अलावा दुराचार के आरोपी समेत मामले में नामजद तीन महिलाएं पुलिस की कृपापात्र बनी हुई हैं। आरोपियों के साथ गठजोड़ के कारण पुलिस इन पर हाथ डालने से कतरा रही है। अब यही आरोपी मामले में सुलह का दबाव बना रहे हैं और रेप पीड़िता की छोटी बहन को उठा ले जाने की धमकी दे रहे हैं।
रेप पीड़िता की छोटी बहन ने सोमवार को कौड़िया पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में कहा है कि वह गांव के बगल स्थित एक स्कूल में हाईस्कूल की छात्रा है। सोमवार को जब वह स्कूल जा रही थी तो रास्ते में नामजद आरोपियों व उसके परिवार के लोगों ने उसे रोक लिया और उसे उठा ले जाने की धमकी दी।
छात्रा का कहना है कि इसके बाद वह स्कूल नहीं गई और अपने घर लौटकर परिवार वालों को पूरी बात बताई। छात्रा का कहना है कि आरोपी उसके साथ कोई भी अनहोनी कर सकते है इसके लिए अब वह स्कूल नहीं जायेगी।
सोमवार से उसने स्कूल जाना बंद कर दिया है। कौड़िया थानाध्यक्ष शैलेंद्र राय ने बताया कि रेप का एक आरोपी जेल जा चुका है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश जी जा रही है और गैरजमानती वारंट लेने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़िता की बहन को धमकाने की तहरीर मिली है। पीड़ित परिवार को पूरी सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी।