जमीन के विवाद में युवक को मारी गोली, गंभीर
उमरी बेगमगंज। जमीन विवाद को लेकर रविवार सुबह एक युवक को मरीपुरवा गांव के पास कुछ लोगों ने रोक लिया और गोली मार दी। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मामले में पांच सगे भाइयों केे खिलाफ थाना उमरी बेगमगंज में जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थाना उमरी बेगमगंज क्षेत्र के पकवान गांव के रहने वाले तीस वर्षीय सचिन का उसके गांव के ही रहने वाले रामदेव पासवान से जमीन का विवाद चल रहा था। सचिन ने बताया कि उसकी जमीन पर रामदेव जबरन निर्माण करवा रहे थे, इसको लेकर कई बार कहासुनी हो चुकी थी।
सचिन के मुताबिक रविवार की सुबह वह अपने घर से बाइक से रगड़गंज बाजार जा रहा था। तभी रास्ते में रामदेव और उसके भाइयों ने उसे रोक लिया और तमंचे से गोली मार दी। जिससे सचिन गंभीर रुप से घायल हो गया।
उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में सचिन ने थाना उमरी बेगमगंज में रामदेव पासवान उसके भाई संजीत, रंजीत, सत्यदेव, संदीप के खिलाफ जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। थानाध्यक्ष उमरी बेगमगंज आरपी सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।