हैदरगंज। थाना क्षेत्र के ग्राम पारा हथिगो निवासी कपिलदेव तिवारी ने अपनी विधवा बहन अमरावती व उसके बच्चे संदीप, ओमप्रकाश, तारावती, अंशिका और दुधमुंहे अंश को कड़ाके की ठंड में पुलिस-प्रशासन की मदद से घर से बाहर निकाल दिया। पूरा परिवार घर के बाहर खुले आसमान के नीचे चारपाई पर भूखा-प्यासा बैठा है।
पुलिस का कहना है कि, एसडीएम के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई कर मकान में सरकारी ताला लगाया गया है। पारा हथिगो निवासी कपिलदेव तिवारी ने अपनी सगी बहन अमरावती के पति की मृत्यु होने पर उसकी ससुराल की सारी संपत्ति बिकवा दी थी।
अमरावती व उसके बच्चों को कुछ दिन अपने घर में रखने के बाद कपिलदेव ने अपनी जमीन पर विधवा बहन के पैसे से उसके लिए मकान बनवा दिया था। बहन व उसके बच्चे उक्त मकान में रहने लगे थे।
इसी बीच कपिलदेव का किसी बात पर बहन से विवाद हो गया तो उसने उपजिलाधिकारी बीकापुर से धारा 145 के तहत उक्त मकान कुर्क करने का आदेश पारित करा दिया।
ये आदेश 16 दिसंबर को तत्कालीन एसडीएम ने किया था। इसी आदेश के पालन में हैदरगंज पुलिस ने सोमवार सुबह विधवा अमरावती को बच्चों समेत घर से निकालकर उसमें सरकारी ताला लगा दिया।
थाना प्रभारी रामचंद्र सरोज ने बताया कि, एसडीएम के आदेश पर मकान में सरकारी ताला लगाकर उसे सीज किया है। इस बारे में एसडीएम रवि प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि, आदेश उनसे पूर्व के एसडीएम ने जारी किया था।