समय से कार्य पूरा न करने पर मिलेगी प्रतिकूल प्रविष्टि
गोंडा। आयुक्त सभागार में आयोजित बैठक में देवीपाटन मंडल के आयुक्त एसवीएस रंगाराव सख्त दिखे। आयुक्त ने बैठक में लापरवाही बरतने वाले सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कार्यो में तेजी लाने के निर्देश दिए।
चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने पर अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को यह भी कहा कि एक से तीन दिन में जो कार्य शेष हैं उसे पूर्ण करने के उपरांत उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि जो दिक्कत आ रही हो उसे एसडीएम के संज्ञान में लाकर समस्या का समाधान करायें।
जनपद बहराइच की प्रगति खराब होने के कारण सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया की किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं है जो भी कार्य शेष है उसे तत्काल पूर्ण करें। उपस्थित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे अविवादित मामले और अधिक क्षेत्रफल वाले किसान हैं उनकी रजिस्ट्री सुनिश्चित कराएं, ताकि अविवादित मामलों के होने से लक्ष्य प्राप्ति में त्वरित वृद्धि हो सके।
समस्त उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि वे तत्काल इसकी भी जांच करा लें कि कहीं पर किसी किसान के मृत्योपरांत वरासत न होने के कारण विक्रय तो बाधित नहीं हो रहा है यदि ऐसा है तो उसे तात्कालिक प्रभाव से मौके पर ही राजस्व निरीक्षक/ लेखपाल द्वारा नियामानुसार वरासत करके अभिलेख अपडेट कराया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी जेबी सिंह, अपर जिलाधिकारी रत्नाकर मिश्र, एसडीएम करनैलगंज नन्हे लाल, एसडीएम सदर अर्चना वर्मा, अधि.अभियंता बहराइच ए.के.सिंह, रमाशंकर राय अधिशाषी अभियंता सरयू नहर खण्ड-4, सभी सरयू नहर खण्डों के अधिशाषी अभियंता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।