नवाबगंज (गोंडा)। गोकुला गांव में एक विवाहिता ने दहेज में बाइक की मांग को लेकर प्रताड़ित किए जाने से तंग आकर जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। मामले में थाना नवाबगंज में पति व ससुर के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
अयोध्या जनपद के रौनानी थाना क्षेत्र के इस्माइल नगर की रहने वाली सावित्री देवी ने थाना नवाबगंज में सोमवार को दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसने अपनी बेटी रीना (24) की शादी दो साल पहले गोंडा जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गोकुला गांव के रहने वाले उदयभान सिंह के बेटे गोलू सिंह के साथ की थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुराल वाले दहेज में बाइक की मांग को लेकर उसकी बेटी रीना को प्रताड़ित करने लगे।
सावित्री का आरोप है कि पति गोलू व ससुर उदयभान अक्सर उसे बाइक की मांग को लेकर मारते-पीटते थे। दोनों की प्रताड़ना से तंग आकर रीना ने रविवार को जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। सावित्री की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सावित्री देवी ने थाना नवाबगंज में पति गोलू सिंह व ससुर उदयभान सिंह के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना नवाबगंज के प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।